24 गोवंशीय पशु बरामद
कप्तानगंज। फैजाबाद के जुबेरगंज पशु बाजार से खरीद कर देवरिया ले जाए जा रहे चार गाड़ियों पर लदे 24 गोवंशीय पशुओं को रविवार की देर शाम कप्तानगंज पुलिस ने बरामद किया है। वाहन पर 16 गाय और आठ बछड़े बरामद किए गए हैं। जांच पड़ताल में चारों ने पशु पालन के लिए ले जाने की बात स्वीकारते हुए अभिलेख दिए हैं।
नवागत एसपी हेमराज मीणा को सूचना मिली कि चार गाड़ियों में गोवंशीय पशुओं को लादकर गोरखपुर की तरफ ले जाया जा रहा है। यह सभी वाहन हर्रैया पहुंच से आगे बढ़ रहे हैं। एसपी ने सीओ हर्रैया को इसकी सूचना देते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया। सीओ एसपी सिंह एसओ कप्तानगंज सौदागर राय के साथ कप्तानगंज में घेरा बंदी किए। चौराहे पर नाका बंदी कर पुलिस ने चारों वाहनों को रोका। एक वाहन देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव निवासी प्रह्लाद कुमार, जबकि दूसरा वाहन इसी जिले के लार थाना क्षेत्र के सजाओ गांव निवासी संदीप गुप्त, तीसरा वाहन बरहज थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी रंजीत गौड़ व चौथा वाहन मईल थाना क्षेत्र के नरसिंह डांड निवासी काशी कुमार चला रहे थे। वाहनों को रोकने के बाद पुलिस ने इन चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इन लोगों ने बताया कि गोवंशीय पशुओं को जुबेरगंज से खरीद कर पालन के लिए ले जाया जा रहा है। चारों ने यह भी बताया कि वह गोवंशीय पशुओं की खरीद फरोख्त करते हैं। चारो वाहन चालकों ने खरीद के कागजात भी पुलिस के सामने प्रस्तुत किया। क्षेत्राधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह पशु पालक प्रतीत हुए हैं। जो पालन के लिए गोवंशीय पशुओं को खरीद कर ले जा रहे हैं। इनका नाम, पता व फोन नंबर अभिलेखों में दर्ज कर लिया गया है। समाचार लिखे जाने तक जांच पड़ताल जारी थी।