कुदरहा। आरोग्य भारती गोरक्षप्रांत के तत्वावधान में मंगलवार को बहादुरपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय कनैला में सुपोषण पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बच्चों को कुपोषण से दूर रहने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के गुर सिखाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आरोग्य भारती के प्रांत सचिव डॉ. दीपक सिंह ने स्कूली बच्चों से संवाद करते हुए सुपोषण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण, शारीरिक और मानसिक (बौद्धिक) विकास के लिए शरीर को पर्याप्त पोषण मिलना बहुत जरूरी है। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली अच्छी आदतों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बच्चों के विकास के लिए संतुलित आहार में पर्याप्त विटामिन और प्रोटीन बेहद आवश्यक हैं। इस जागरूकता कार्यशाला में कुल 70 स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका सविता पटेल, सहायक अध्यापक परमदेव चौधरी, शिक्षा मित्र राम अवतार, स्पेशल एजुकेटर शिल्पी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता देवी और सहायिका संगीता देवी आदि मौजूद रही।