बस्ती। नौकरी दिलवाने का झांसा देकर गोंडा जिले की युवती को शहर के रोडवेज के पास लाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसका आधार कार्ड, फोटो व 60 हजार रुपये लेकर आरोपी कार में बैठाकर ले आए। स्कूल के प्रबंधक से मिलाने की बात कर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद सूनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया गया। घटना 18 जून 2023 की बताई गई है। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों पर सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया है।
गोंडा जिले खोड़ारे थाना क्षेत्र की पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे आरोपियों ने आंगनबाड़ी या स्कूल में चपरासी की नौकरी लगवाने का वादा किया। यह कहकर आधार कार्ड और फोटो के साथ 60 हजार रुपये ले लिए। 18 जून 2015 को सुबह 10 बजे आरोपी उसे सफेद कार में बैठाकर स्कूल के प्रबंधक से मिलवाने को कहकर रोडवेज बस्ती ले आए। कार में ही उन लोगों ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। उसके बेसुध हो जाने पर वे लोग किसी अनजान जगह ले जाकर दुष्कर्म करके वीडियो बना लिया।
बाद में वह लोग जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगे कि उनकी बात नहीं मानोगी तो वीडियो वायरल कर देंगे। अब रुपये भी वापस नहीं कर रहे हैं और ब्लैकमेल कर रहे हैं। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर राजेंद्र शर्मा, अर्जुन शर्मा, अमरजीत उर्फ रामजीत शर्मा निवासी वेदीपुर थाना परशुरामपुर और विनय कुमार मिश्रा निवासी रायपुर थाना हर्रैया पर केस दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।