बस्ती। मनरेगा में मानव दिवस सृजित करने के मामले में घोर लापरवाही करने पर जिले के छह बीडीओ को बुधवार को अंतिम नोटिस जारी किया गया। इससे पहले भी इन सभी बीडीओ को छह माह के अंदर आधा दर्जन बार नोटिस जारी किया जा चुका है। यही नहीं एक बार तो अर्द्धशासकीय पत्र भी दिया जा चुका है।
सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि साऊंघाट, विक्रमजोत, गौर, रुधौली, बस्ती एवं परशुरामपुर के बीडीओ को अंतिम नोटिस जारी किया गया, उनकी लापरवाही के चलते शासन स्तर पर जिले की छवि धूमिल हो रही है, मनरेगा श्रमिकों को काम नहीं मिल पा रहा है। अगर इन ब्लॉकों की प्रगति में सुधार नहीं हुआ तो बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई करना तय है। इसी मामले को लेकर 15 फरवरी को मुख्य सचिव वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करेंगे। इसे देखते हुए सभी ब्लॉकों के कार्यक्रम अधिकारियों को सचेत कर दिया गया है। अगर 15 फरवरी से लक्ष्य के सापेक्ष मानव दिवस सृजित नहीं किया गया तो संबधित बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने की संस्तुति शासन को कर दी जाएगी।
इनको मिला अंतिम नोटिस
साऊंघाट के कार्यक्रम अधिकारी आईएएस अधिकारी चंद्रमोहन गर्ग प्रति 45.75 फीसदी, विक्रमजोत ब्लॉक के जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एवं बीडीओ एसएन पांडेय प्रगति 57, गौर के बीडीओ हरिश्चंद्र 58, रुधौली के कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव 68, बस्ती सदर के बीडीओ प्रभाशंकर चौबे 69 और परशुरामपुर के कार्यक्रम अधिकारी एवं हर्रैया के बीडीओ जितेंद्र प्रताप सिंह प्रगति 70 फीसदी रही।
तीन बीडीओ ने लक्ष्य से अधिक किया
मनरेगा में मानव दिवस सृजन के मामले में हर्रैया ने 107 फीसदी, सल्टौआ में 106 एवं कुदरहा में 101 फीसदी की उपलब्धि रही। इसी तरह दुबौलिया में 95, रामनगर में 93, कप्तानगंज में 85, बनकटी में 75 एवं बहादुरपुर की प्रगति 73 फीसदी की रही।