नगर बाजार(बस्ती)। आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राएं इन दिनों गंदगी, जलभराव की भारी समस्या से जूझ रही हैं। वार्डन नीलम पांडे ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार नगर पंचायत कार्यालय में मौखिक शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गंदगी के कारण अक्सर बच्चे बीमार पड़ते हैं और उनका इलाज कराया जाता है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की उदासीनता से न केवल छात्राएं प्रभावित हो रही हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था ठीक करने की मांग की है।