लंबे समय से बंद चल बस्ती चीनी मिल को चालू कराने की मांग को लेकर सोमवार को मिल गेट पर किसानों और कर्मचारियों की ओर से आमरण अनशन शुरू किया गया। वहीं मिल श्रमिकों व किसानों के समर्थन में गेट के सामने सभा कर मिल तत्काल मिल चालू करने की मांग की गई। इसके बाद डीएम को ज्ञापन भेजा गया।
बस्ती चीनी मिल को पूर्व की भांति चलाने के लिए सोमवार को किसानों और कर्मचारियों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। उनके समर्थन में कई दलों के नेताओं ने जनसभा भी की।
पूर्व मंत्री व विधायक राम प्रसाद चौधरी, सदर विधायक जितेंद्र कुमार उर्फ नंदू चौधरी, रुधौली के विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि मिल के बंद होने से किसान, मिल श्रमिक, व्यापारी सभी परेशान हैं। मिल को चालू कराने के लिए वे अपने स्तर से हर संभव कोशिश कर रहे हैं।
भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष दीवान चंद्र पटेल, अभिषेक पाल, रामनवल चौधरी, केके तिवारी, अंकुर वर्मा, संजय चौधरी, अभय देव शुक्ल सहित कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और मिल चलाने के लिए हर आंदोलन में सहभागी होने का आश्वासन दिया।
पहले दिन आमरण अनशन पर बैठने वालों में श्रमिक नेेता सुरेंद्र मिश्र, आशुतोष सिंह, बृजेश सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बच्चालाल चौधरी, जय प्रकाश शुक्ल, प्रेमसागर चौधरी शामिल हैं। जनसभा का संचालन सूर्यमणि चतुर्वेदी ने किया।