मुठभेड़ में गिरफ्तार चार पशु तस्करों पर गैंगस्टर
नगर थाने की पुलिस ने चारों पर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। थाना क्षेत्र के बक्सर भौसिंहपुर बाग में 15 जून को हुई मुठभेड़ में पकड़े गए चार पशु तस्करों पर पुलिस ने गिरोह बंद अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। मुठभेड़ के समय इनमें से एक पशु तस्कर के पैर में गोली लगी थी।
एसओ धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि गिरोह के सरगना समेत चार गुर्गों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इनमें दिलीप उर्फ करिया निवासी खुटहन थाना नगर, शमशुद हुदा उर्फ शमशुल दोहा निवासी महरू टोला पिपरा कनक थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर, अदालत व मैनुद्दीन निवासी लटवा मुरलीधर थाना तरया सुजान जनपद कुशीनगर शामिल हैं। इन सभी पर नगर थाने में पशु क्रूरता अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम, हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
15 जून को चारों पशु तस्कर पिकअप लेकर बक्सर भौसिंहपुर की बाग में पहुंचे थे। वहां पहले से इकट्ठा किए गए गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक पिकअप में लाद रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की तो तस्करों की तरफ से फायरिंग की जाने लगी। एक गोली एक सिपाही को छूते हुए निकल गई थी। दूसरी गोली एसओ धर्मेंद्र तिवारी के बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी थी। इस मुठभेड़ में दिलीप उर्फ करिया फरार होने में कामयाब हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार किया था।