अखंड अपहरण कांड के आरोपियों समेत 13 पर गैंगस्टर
बस्ती। अलग-अलग तीन थानों की पुलिस ने चार गैंग के 13 आरोपियों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की है। इनमें रुधौली थाना क्षेत्र के बहुचर्चित अखंड अपहरण कांड के दो आरोपी भी शामिल हैं। इसके अलावा पशु तस्करी और चोरी की घटनाओं में आरोपी तीन गिरोहों के 11 सदस्यों को गैंगस्टर में पाबंद किया गया है।
रुधौली थाने में प्रभारी रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि कस्बे के कपड़ा व्यवसायी के पुत्र अखंड के अपहरण में शामिल आरोपी सूरज सिंह और आदित्य सिंह निवासी पाली केशवपुर वार्ड नंबर 16 (शनिचरा बाजार के पास) थाना सहजनवां, गोरखपुर के खिलाफ यूपी गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि गिरोह बनाकर पशु वध करने के आरोपी अब्दुल कलाम, मोहर अली उर्फ सोमन, निशार अहमद निवासी हसनी थाना रुधौली, जैनुल्लाह निवासी रौनहिया थाना रुधौली और कमरुलहोदा निवासी करही, थाना दुधारा, संतकबीरनगर को भी गैंगस्टर में पाबंद किया गया है।
इसी तरह वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने गोहत्या का अपराध करने के आरोपी दीपक कुमार, चिंटू गौड़ निवासी संग्रामपुर थाना वाल्टगंज और संजय चौधरी निवासी प्रभुनाथपुर (श्रीपालपुर ) थाना वाल्टरगंज पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। कलवारी थाने के प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए गिरोह बनाकर चोरी करने के आरोपी अब्दुल करीम, अब्बास अली और मो. इमरान निवासी कुसौरी, थाना कलवारी पर भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।