संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सरसों के तेल की ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सरसों के तेल का धंधा करने का मामला प्रकाश में आया है। मुंडेरवा थाना क्षेत्र में एक ब्रांडेड कंपनी का नकली मार्का लगाकर धंधा किया जा रहा था।
कंपनी की ब्रिकी घटने पर जांच की गई तो इस गोलमाल का पता चला। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बिहार प्रांत के छपरा जनपद के सहजीतपुर निवासी अजय पंडित ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उन्हें एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने बाजार में कंपनी के नाम पर बिक रहे नकली सामान पर कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया है। पिछले कुछ माह से उन्हें बस्ती जनपद व आसपास के इलाकों कंपनी का नकली तेल बेचे जाने की सूचना मिल रही थी।
इसके आधार पर वह सहयोगी शीतल कुमार झा के साथ बस्ती पहुंचे। यहां पर दुकानों पर कंपनी का सामान चेक किया तो पता चला कि मुंडेरवा क्षेत्र स्थित एक घर में कंपनी का नकली तेल बनाकर बाजार में बेचा जा रहा है।
एक दिसंबर को मुंडेरवा स्थित घर पर पहुंचे तो देखा वहां काफी मात्रा में नकली सरसों का तेल नकली मार्का लगाकर रखा हुआ है। एक लीटर के 72 पीस, स्टीकर व नकली मार्का 480 पीस, प्लास्टिक की कुप्पी, लूज सरसों का तेल ढाई टीन, तेल नापने का उपकरण, 165 पीस खाली बोतल बरामद हुआ।
इस बारे में घर के मालिक से बात की तो उसने बताया कि कुछ दिन पहले मकान किसी को किराये पर दिया था। जिसके नाम और पते के बारे में उसे जानकारी नहीं है। मुंडेरवा पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत अज्ञात किरायेदार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।ि