विक्रमजोत क्षेत्र के गौरियानयन के पास घाघरा का बढ़ा जलस्तर।
दो दिन घटने के बाद सोमवार से घाघरा के जलस्तर में दोबारा वृद्धि शुरू हो गई। नदी सोमवार शाम को खतरे के निशान 92.73 मिमी से 12 मिमी उपर 92.85 मिमी के स्तर पर पहुंच गई है। केन्द्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार नदी के जलस्तर में मंगलवार को भी बढ़ोतरी जारी रहेगी। वहीं नदी के कटान के चलते किसानों की कृषि योग्य जमीन धारा में विलीन होती जा रही है।
विक्रमजोत, धुसावा बांध गौरिया नैन के पास अब भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। नदी कल्याणपुर व भरथापुर के पास कटान कर रही है। सोमवार सुबह से करीब तीन मीटर जमीन धारा में समा गई है। प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर के पास पानी पहुंचने वाला है। 26 वीं वाहिनी पीएसी को कल्याणपुर गांव के पास बचाव राहत के लिए लगाया गया है। सोमवार को एसडीएम हर्रैया हरिश्चन्द्र सिंह व सीओ कृष्ण मुरारी ने बंधे का निरीक्षण किया।
दुबौलिया के वीडी बांध के धरमूपुर एहतमाली, देवरागंग बरार, विशुनदासपुर में नदी सुबह सैकड़ों बीघा जमीन कटान में चली गई। दलपतपुर निवासी शुक्कुले पहलवान की 10 बिस्वा खेत नदी की धारा में चला गया। चांदपुर के पास बने ठोकर लगातार बैठ रहे हैं। नदी भिऊरा, देवरागंग बरार, धरमूपुर एहतमाली के पास बंधे से होकर बह रही है। वीडी बांध पर नाम मात्र के मजदूर कार्य कर रहे हैं। अशोकपुर माझा के 14 पुरवों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। जबकि प्रशासन के तरफ राहत के नाम पर कुछ नहीं मिला है। गांव के लोग परेशानी झेल रहे है।