वाल्टरगंज बैंक मे कैश न होने पर लगा नोटिस ।
बैंक में रकम नहीं होने से खातधारक उग्र हो रहे हैं। बैंक परिसर में प्रदर्शन और हंगामा होने लगा है। मंगलवार को बभनान, गौर और भानपुर में खाताधारकों ने हंगामा किया। सुबह से ही लाइन में लगे लोगों का गुस्सा देखकर बैंक कर्मचारी खुद ताला बंद कर बैंक से निकलने में ही भलाई समझ रहे हैं।
बैंक में पिछले तीन दिनों से रकम न होने से खाता धारकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को पूर्वांचल ग्रामीण बैंक गौर में सुबह से खाताधारकों की भारी भीड़ जुटने लगी। लेकिन खाता धारकों का गुस्सा उस समय फूट गया जब बैंक पर कैश नहीं होने का नोटिस और ताला बंद मिला। लोगों ने जमकर नारे बाजी करते हुए प्रदर्शन किया। खाता धारक जैनम खातून, आसमा खातून, राम लगन, झिनका देवी, सुनील जायसवाल, जीतेन्द्र, भागीरथी, शहनाज बानो, अबरूनिशा, सदानंद, केदारनाथ दूबे, मोहम्मद अली, अनिल आदि ने बैंक कर्मचारियों एवं केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। शीघ्र रुपये की मांग की।
उधर भानपुर तहसील क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक तुसायल व रामनगर की शाखा पर कैश नहीं होने की जानकारी पर सुबह आठ बजे से ही लाइन में लगे लोग उग्र हो गए। 11 बजे तक बैंक के सामने ही बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर जाम लगा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। शाखा प्रबंधक गणेश चंद्र शुक्ला ने समझाने का बहुत प्रयास किया लेकिन भीड़ कुछ भी समझने को तैयार नहीं थी। देखते ही देखते वाहनों की भीड़ लग गई। बाद में पहुंचे चौकी इंचार्ज असनहरा मान सिंह ने काफी प्रयास के बाद भीड़ का हटाया और जाम खत्म हो सका।
वहीं पीएनबी रामनगर में दोपहर दो बजे रुपये निकलने की आस में गेट के बाहर बैठे लोगों के सामने ही कुछ लोगों को गेट के अंदर जाने दिया गया। पीछे लाइन में लगे खाताधारकों ने अंदर जाने का प्रयास किया तो उन्हें रोक दिया गया। इससे गुस्साए लोगों ने गेट पीटते हुए अदंर घुसने का प्रयास किया। अनियंत्रित होती भीड़ की सूचना पुलिस ने थाने में दी। एसआई और सिपाहियों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। शाखा प्रबन्धक ने बताया कि कैश न होने से सिर्फ जमा कराने के लिए लाइन लगवाई गई थी। बैंक में कैश न होने की सूचना नोटिस के माध्यम से मौखिक रूप से भी लोगों को दे दी गई थी।