नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी करने, जातिसूचक गाली देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सतीश कुमार पुत्र रामसूरत निवासी ग्राम इटैली थाना नगर बस्ती ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव महादेवा निवासी प्रिंस सिंह उर्फ प्रदीप सिंह ने 2 फरवरी 2022 को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 42 हजार रुपये नगद तथा आठ हजार रुपये गूगल-पे के माध्यम से, कुल 50 हजार रुपये ले लिए। पीड़ित का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो उसे नौकरी दिलाई गई और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब उसने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और घर पर भी नहीं मिला। विरोध करने पर आरोपित ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया तथा रुपये वापस न करने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि उसने पहले थाना दिवस के दौरान नगर थाने में प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश के अनुपालन में मामले में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।