हर्रैया। कस्बे के कुंवर नगर वार्ड के मुरादीपुर चौराहे पर स्थित कमल पिनकैप प्राइवेट कंपनी के शाखा प्रबंधक पर ग्राहकों से वसूले गए कर्ज की रकम हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। कंपनी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ब्रांच मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिर्जापुर जनपद के कछवा निवासी कंपनी अधिकारी राहुल तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नकहरा पंडरा महुआरिया, मिर्जापुर के रहने वाले शाखा प्रबंधक संजय भारती ने ग्राहकों से वसूले गए करीब 1.71 लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा नहीं किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने लोन खाते को बंद करने का प्रलोभन देकर ग्राहकों से नकद वसूली कर ली। प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हर्रैया कस्बे में दो दर्जन से अधिक माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के दफ्तर खुले हैं। आए दिन इन कंपनियों पर ग्राहकों से गोलमाल और वसूली में हेरफेर के आरोप लगते रहे हैं।