बड़हर गांव के पास पकड़ी गई चार मिट्टी लदी ट्रैक्टर टाली-स्रोत पुलिस
- फोटो : 1
महराजगंज। थाना हर्रैया पुलिस ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ सोमवार की देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़हर गांव के पास निर्माणाधीन एक मकान की बाउंड्री की पटाई के लिए लाई जा रही चार मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया। मामले में अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेज दी है।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में सोमवार की रात लगभग दो बजे पुलिस टीम बड़हर गांव के पास पहुंची, जहां निर्माणाधीन एक मकान की बाउंड्री की पटाई के लिए ट्रैक्टर-टाॅली से मिट्टी ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके पर मिट्टी से लदी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन चालक खनन एवं परिवहन से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया अवैध मिट्टी खनन एवं परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस ने चारों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर ही सीज कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रकरण की रिपोर्ट संबंधित विभाग को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है।
प्रभावशाली पुलिस निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि अवैध खनन से सरकारी राजस्व के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाता है। ऐसे मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।