हर्रैया क्षेत्र के मछोइया पुल के पास रविवार को हुई थी वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र के महराजगंज के पास चलती बाइक से मोबाइल छीनकर भागने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा। उनके पास से छीना गया मोबाइल बरामद किया है। पकड़े गए सभी आरोपी उसी क्षेत्र के 18 से 21 वर्ष के बीच के बताए जा रहे हैं। इनमें रजनीश उर्फ मंटू निवासी त्रिलोकपुर तिवारी, मंजीत निवासी लबदहा, सतीश तिवारी व गिरजेश तिवारी निवासी भरगवा शामिल हैं।
गौर थाना क्षेत्र के बेलवा राजा गांव निवासी अमरनाथ यादव किसी काम से रजौली के पास गए थे। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे घर जाते समय हर्रैया थाना क्षेत्र के महराजगंज कस्बे के मछोइया पुल के पास पीछे से आए एक ही बाइक सवार चार लुटेरों ने चलती बाइक से उन्हें पीछे से पकड़ लिया और शर्ट की जेब में रखा मोबाइल छीन कर महाराजगंज-बेलघाट मार्ग पर बंजरिया की तरफ भाग निकले थे।
पीड़ित गुहार लगाते हुए उनका पीछा किया। मगर, वे भागने में कामयाब रहे। बंजरिया चौराहे पर पहुंचकर पीड़ित रामनाथ यादव ने घटना की सूचना 112 पर दी। एसएचओ तहसीलदार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिए गए।