बबुरहवा गांव के पास हाईवे पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
छावनी। थाना क्षेत्र के बबुरहवा गांव के पास हाईवे पर शनिवार को स्कूल जा रहे छात्रों को ट्रैक्टर ने पीछे से चपेट में ले लिया। हादसे में चारों घायल हो गए। ग्रामीणों ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से छात्रों को सीएससी हर्रैया भिजवाया। दुर्घटना में एक छात्र को गंभीर चोट आने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह 8:30 बजे के करीब रामगढ़ गांव से चार छात्र साइकिल से स्कूल डुहवा जा रहे थे। बबुरहवा के पास हाईवे पर सभी ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में अनुराग, अभिषेक, अभय, आदर्श वर्मा घायल हो गए। छात्रों की साइकिल टूट गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया भिजवाया गया। अधिक चोट लगने के कारण अनुराग को जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। बाकी तीन छात्र इलाज के बाद घर चले गए। पुलिस ने ट्रैक्टर और उसके चालक को हिरासत में लिया है। अनुराग के पिता अशोक कुमार वर्मा निवासी रामगढ़ ने छावनी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद