सिलेंडर लदे ट्रक ने खड़ी ट्रॉली में मारी टक्कर, चार घायल
सिकंदरपुर ( बस्ती)। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के जमौलिया पांडेय में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर डिलेवरी सर्विस का एक ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रॉली ट्रैक्टर को अपने चपेट में ले लिया। दुर्घटना में ट्रॉली पर बैठे चार लोग घायल हो गए। सभी का इलाज अयोध्या के श्रीराम चिकित्सालय में चल रहा है। जहां घायल बुद्धू की हालत गंभीर बनी हुई है।
परशुरामपुर लकड़मंडी मार्ग स्थित जमौलिया पांडेय के पास परशुरामपुर की तरफ जा रहा गैस सिलेंडर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक ट्राली से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए। अनियंत्रित ट्रक करीब 500 मीटर दूर गेहूं के खेत में जाकर रुका। ट्रॉली पर सवार बुद्धू पाल (50), रामलगन (48), कन्हैया (16), राम अशीष (08) घायल हो गए। आसपास के एकत्र लोगों ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या भेजा। घायल बुद्धू पाल के कमर में गंभीर रूप से चोट लगने के चलते उसके शरीर का निचला हिस्सा शून्य है। हल्का दरोगा पवन कुमार मिश्र ने बताया कि सभी अपने तंबाकू के खेत में काम करने जा रहे थे। हालांकि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। ट्रक चालक फरार है।
-----------