नगर बाजार (बस्ती)। अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में शुक्रवार को चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस कर्मियों की सूचना पर पहुंचे एनएचएआई के कर्मियों ने उनको जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया। उनका उपचार चल रहा है।
पहली घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के परसा जाफर गांव के पास की है। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के मुजेहना निवासी 21 वर्षीय अर्जुन बाइक से कहीं जा रहे थे। परसा जाफर के पास वहीं के निवासी 50 वर्षीय अब्दुल सलाम को चपेट में ले लिया। अब्दुल सलाम व बाइक सवार दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने इसकी सूचना मड़वा नगर टोल प्लाजा पर तैनात एनएचएआई के एंबुलेंस कर्मियों को दी। ईएमटी मो. गफ्फार एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंच गये। घायलों का प्राथमिक उपचार कर एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास हुई। गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रही एक्सयूवी कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइका सवार राजकुमार व देवेंद्र निवासी बुटवल नेपाल हाल पता शिवा कॉलोनी थाना कोतवाली गंभीर रूप से घायल हो गए। एनएचएआई की एंबुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया।