बस्ती। शीतलहर एवं घने कोहरे की वजह से ट्रेनों का संचलन बुरी तरह लड़खड़ा गया है। सोमवार को चार एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त कर दी गई। इसकी वजह से लोगों को आरक्षण टिकट की वापसी के लिए स्टेशन पर लाइन लगाना पड़ा। यात्रा भी रद्द करनी पड़ी। वहीं दो दर्जन से अधिक ट्रेनें काफी विलंब से चल रही थी। इससे यात्रियों को प्लेटफार्म पर घंटों ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
कोहरे की वजह से पूर्वाेत्तर रेलवे से होकर गुजरने वाली डिब्रू गढ़ एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, हमसफर, जन सेवा एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई। इसके चलते स्टेशन पहुंचे यात्रियों को निराश लौटना पड़ा। रेलवे की तरफ से ट्रेन निरस्त होने की सूचना प्रसारित करने के बाद आरक्षण खिड़की पर टिकट वापस करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। स्टेशन पर मौजूद कलवारी के राम गोपाल ने बताया कि उनका दिल्ली जाना बहुत जरूरी था। लेकिन ट्रेन निरस्त होने से यात्रा रद्द हो गई।
अब उन्हें बस से सफर करना पड़ेगा। वहीं अधिकांश ट्रेनें विलंब से चल रही है। राधिकापुर एक्सप्रेस दो घंटे लेट रही। जबकि गोरखपुर अमृतसर 4 घंटे, गोरखधाम एक्सप्रेस 8 घंटे, न्यू दिल्ली बरौनी 12, बरौनी क्लोन 12, न्यू दिल्ली क्लोन 7.20 घंटे, गांधी धाम एक्सप्रेस 4 घंटे विलंब से चल रही थी।