नकदी लूटकर भाग रहे चार बदमाश गिरफ्तार
बस्ती। जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के हसीनाबाद बाजार के पास शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे वाराणसी स्थित लाई केमिकल विद्यापीठ के सप्लाई वाहन को रोक कर कार सवार चार बदमाशों ने सेल्समैन से 21 हजार नकदी, मोबाइल व जरूरी कागजात लूट लिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ का प्रयास शुरू किया।
एसपी हेमराज मीणा व एएसपी रवीन्द्र कुमार सिंह के साथ एसओजी व आधा दर्जन थानों की टीम ने फोरलेन से जुड़ने वाले हर रास्ते को कवर कर लिया। घेराबंदी से घबराए बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। अलग-अलग रास्तों से भागे बदमाशों को पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया। पैकोलिया थाने पर धरपकड़ का खुलासा करते हुए एएसपी रवीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाश दिल्ली में ई-रिक्शा चलाते थे। मूलरूप से तीन यूपी के आगरा, बिजनौर, गोंडा और एक बिहार दरभंगा का रहने वाला है। लूट में प्रयुक्त कार भी दिल्ली से ही चुराई गई है। लूट की इस वारदात में गोंडा के दो युवकों ने रेकी की थी। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। बदमाशों के कब्जे से लूट की रकम, तीन मोबाइल, असलहा आदि सामान बरामद किया गया है। इन चारों की क्राइम हिस्ट्री को खंगालने में पुलिस जुट गई है। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में मो. शकील निवासी लवाम थाना कोतवाली जिला दरभंगा, बिहार, अर्जुन जाटव निवासी जरार थाना वाह जनपद आगरा हाल मुकाम फरीदपुरी थाना जिला आनन्द पर्वत नई दिल्ली, मो. वसीम उर्फ मुन्ना निवासी भागुवाला थाना नाजीबाबाद जिला बिजनौर हाल मुकाम कठपुतली, कालोनी पांडव नगर थाना पटेल नगर नई दिल्ली और धीरु सिंह निवासी अनभुला थाना वजीरगंज जनपद गोंडा हाल मुकाम बलजीत नगर थाना पटेलनगर दिल्ली शामिल हैं।
चोरी की कार बेचने के लिए जा रहे थे दिल्ली
एएसपी के अनुसार पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि शिवम सिंह निवासी हतवा थाना हर्रैया बस्ती व नीरज सिंह निवासी अनभुला थाना वजीरगंज जिला गोंडा के साथ मिलकर हमने लूट की साजिश रची थी। हम लोग दिल्ली में एक साथ रहते थे। वहीं, रिक्शा चलाते थे। तभी से हम लोगों की आपस में जान-पहचान है। नई दिल्ली से चोरी की गई कार को बेचने के लिए हम चारों बिहार जा रहे थे। रास्ते मे शिवम सिंह से फोन पर बात होने पर हम लोग उसके घर चले गए। शकील, वसीम व अर्जुन के पास पैसे नहीं थे और हम सभी को पैसे की जरूरत थी। लिहाजा लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना डाली। पैकोलिया थाने में आईपीसी की धारा 394, 411 व 120बी के तहत केस दर्ज किया गया है।