बस्ती। सदर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को नववर्ष की पूर्व संध्या पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान एक होटल के पास चार आरोपियों को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है।
इनके नाम सचिन दूबे निवासी पकड़ी मिश्राईन, हिमांशु शुक्ला निवासी दयालपुर, अमन विश्वकर्मा निवासी खड़उआ बाजार, थाना नगर और अरुण कुमार यादव निवासी पुरेदाहपेल, थाना कुमारगंज, जनपद अयोध्या है।
सदर कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिसकर्मी बुधवार की रात करीब 11 बजे पैदल गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक होटल के मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी कि चार युवक अवैध असलहा लेकर होटल में घुस आए हैं। स्टाफ को गाली-गलौज व जान-माल की धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से मोडिफाइड रायफल बरामद की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।