बस्ती। डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के 50 गांवों में मूर्ति विकास स्थल विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 10-10 गांवों में चयनित स्थलों पर बृहस्पतिवार को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शिलान्यास और पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र महादेवा के ग्राम मरवटिया बाबू में विधायक ने शिलान्यास और पूजन किया। हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर में, रुधौली क्षेत्र के नरखोरिया में तथा बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पक्का बाजार में जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिकटिहवा में भी मूर्ति विकास स्थल का शिलान्यास और पूजन किया गया।
कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित सहायक विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं संबंधित गांवों के जनमानस मौजूद रहे। योजना के तहत पांचों विधानसभा क्षेत्रों में चयनित 50 गांवों में मूर्ति विकास स्थलों के विकास का कार्य किया जाएगा। इस पर करीब चार करोड़ 91 लाख 80 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यदायी संस्था को तीन करोड़ 68 लाख 77 हजार रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। शेष धनराशि निर्माण के बाद संस्था को भेजी जाएगी।