बस्ती। योगी आदित्यनाथ सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने की पूर्व संध्या पर सोमवार को नगर पंचायत नगर बाजार की अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने 45 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में हुए समारोह में लगभग 13 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि नगर को मॉडल नगर पंचायत बनाने की मुहिम जारी रहेगी। कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता पूर्ण ढंग से तय समयावधि में पूरे किए जाएंगे।
राना ने बताया कि आदर्श नगर पंचायत योजना, वंदन योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, जलनिकासी योजना तथा आकांक्षी योजना से नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में सड़कें नालियां, स्ट्रीट लाइटें, स्टडी सेंटर सहित राजकोट दुर्गा मंदिर और नगर दुर्गा मंदिर में निर्माण कार्य कराए जाने है। वित्तीय वर्ष के अंतिम माह में भी शासन से वित्तीय स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह ने अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह की धरती को सजाने और संवारने में सभी के सहयोग की आवश्यकता बताई। कहा कि आदर्श नगर पंचायत नगर को चतुर्दिक विकास के मानक पर खरा उतरने के लिए अथक प्रयास करने होंगे। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से एक जुट होकर गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने में की अपील की।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी सृष्टि सिंह, सभासद राजेश पांडेय, सत्यराम निषाद, अखिलेश यादव, राज कुमार चौधरी, संजय निषाद, बिंदू लाल, संजय सोनकर, तुलसीराम आदि मौजूद रहे।