पुरुष मित्र के साथ गई युवती मिली
26 जुलाई को सदमे में हो गई थी मां की मौत
विवाहित पुत्री के जाने से सदमे में था परिवार
पिता ने थाने में दर्ज कराया था मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
परशुरामपुर (बस्ती)। पुरुष मित्र के साथ गई विवाहिता को पुलिस ने बुधवार की देर शाम कोहराएं पुल के पास से पकड़ लिया। उसे लेकर गए युवक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम पुणे गई थी। इधर परिवार के लोगों ने मुकामी पुलिस पर बेटी को ढूंढने में ढुलमुल रवैया अपनाने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है। जिसमें थानेदार को हटाने, जिम्मेदार पुलिस कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने, मुकदमे को दूसरे थाने पर स्थानांतरित करने सहित अन्य आरोप लगाए हैं। युवती के पिता ने बताया कि अगर समय रहते उसकी बेटी को ढूंढ लिया गया होता उसकी पत्नी की सदमे में मौत न हुई होती। पीड़ित पक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्र ने बताया कि युवती को का मेडिकल कराया जा रहा है। जिसके बाद न्यायालय में विधिक प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। एसएचओ के मुताबिक तहरीर मिलते ही अपहरण का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी गई थी। पुणे का लोकेशन मिलने पर वहां तत्काल टीम रवाना की गई। बता दें कि शादी के कुछ दिन बाद ही 22 वर्षीय युवती अपने पुरुष मित्र के साथ चली गई। अवाक पिता 15 जुलाई को परशुरामपुर थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही शिवशंकर उर्फ झिनकू, सुभागा, गुड़िया और रोशन के विरुद्ध बेटी को बहला फुसला कर साथ ले जाने का आरोप लगाया। बताया कि बेटी घर से 60 हजार रुपये नकद और जेवर भी लेकर गई। पुलिस ने चारों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। मगर परिवार के लोग पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं थे।