वन विभाग ने रुकवाया वाराह घाट पुल का निर्माण
टिनिच। कुआनो नदी के वाराह क्षेत्र घाट पर पुल निर्माण शुरू होते ही विवाद हो गया। रविवार देर रात वन विभाग के रामनगर व बस्ती रेंज अधिकारी निर्माण स्थल पर पहुंचे और काम रोकवा दिया। अधिकारियों ने डीसीएम, हाइड्रा और जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया।
पुल निर्माण की जिम्मेदारी सेतु निगम की गोंडा इकाई को मिली है। निर्माण स्थल के दोनों ओर पहले मिट्टी डालने का काम शुरू किया गया था। रविवार देर रात वन विभाग के रामनगर व बस्ती रेंज के अधिकारी निर्माण स्थल पर पहुंचे और कहा कि कार्यदायी संस्था वन विभाग की जमीन खोद रही है। रामनगर रेंज के अधिकारियों ने एक डीसीएम व हाइड्रा और बस्ती रेंज की टीम ने जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया। सोमवार दोपहर में एसडीएम भानपुर आनंद सिंह श्रीनेत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घंटे भर वन विभाग की भूमि का चिन्हांकन का काम हुआ।
एसडीएम ने सेतु निगम को निर्देश दिया कि वन विभाग की जमीन को छोड़कर निर्माण शुरू करें। वन क्षेत्राधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि बिना अनुमति के वन क्षेत्र की मिट्टी खोदने पर सेतु निगम की मशीनें कब्जे में ली गई हैं। जब तक वन विभाग भूमि का आवंटन नहीं करता, तब तक कार्य नहीं होने दिया जाएगा। मौके पर नायब तहसीलदार केशरीनंदन तिवारी, परियोजना प्रबंधक अशोक सिंह व राजस्व कर्मी मौजूद रहे।
पुल निर्माण स्थल पर एसडीएम के पहुंचने की सूचना पर भाजपा बूथ प्रमुख जितेंद्र अग्रहरि के नेतृत्व में कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुल निर्माण की मांग करते हुए हुए एसडीएम को ज्ञापन दिया। मौके पर अमित सिंह, प्रमोद गुप्ता आदि मौजूद रहे।