बस्ती। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से जिले में पहली बार अंडर-14 क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन-ट्रायल कराया जा रहा है। मंडल स्तरीय इस ट्रायल में बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के पंजीकृत खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। करीब 150 से अधिक खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। चयनित खिलाड़ियों को आगे क्षेत्रीय स्तर के ट्रायल में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।
मंडल क्रिकेट एसोसिएशन गोरखपुर से संबद्ध यूपीसीए की ओर से अंडर-14 ट्रायल 11 अगस्त को पचपेड़िया स्थित क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में होगा। खिलाड़ियों को सुबह नौ बजे तक रिपोर्ट करना होगा। ट्रायल में शामिल होने के लिए यूपीसीए से प्राप्त स्लिप और मूल आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।
मंडल क्रिकेट एसोसिएशन गोरखपुर के अध्यक्ष शफीक सिद्दीकी ने बताया कि मंडल स्तरीय ट्रायल में सफल खिलाड़ियों को रीजनल ट्रायल में मौका मिलेगा। रीजनल ट्रायल में चयनित खिलाड़ी इंटर डिस्ट्रिक्ट मैच खेलेंगे। इन मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के नाम क्रिकेट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश (कानपुर) को भेजे जाएंगे। इसके बाद उन्हें प्रदेश की अंडर-14 टीम में खेलने का अवसर मिल सकता है।
बीसीसीआई लेवल-1 कोच एवं क्रिकेट एकेडमी के निदेशक अनिकेत उपाध्याय ने कहा कि जिले में पहली बार इस तरह के ट्रायल का आयोजन युवा क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट में आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। उन्होंने बस्ती को ट्रायल के लिए चुने जाने पर मंडल क्रिकेट एसोसिएशन गोरखपुर का आभार जताया।
क्रिकेट एसोसिएशन और क्रिकेट एकेडमी प्रबंधन ने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर मैदान पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।