बस्ती। कोहरे और धुंध ने ट्रेनों की रफ्तार घटा दी है। सोमवार को दिल्ली, मुंबई एवं अन्य महानगरों से आने वाली आधा दर्जन ट्रेनें अपने तय समय से पांच से दस घंटे विलंब से बस्ती पहुंचीं। इधर से जाने वाली अमृतसर और हमसफर (अप) एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। इसके अलावा गोरखपुर- पैसेंजर एक सप्ताह से निरस्त चल रही है। ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मौसम ने ट्रेनों का शेड्यूल बिगाड़ दिया है। ट्रेनें 8 से 10 घंटे विलंब से चल रही हैं। स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। ट्रेनों के निरस्त होने की सूचना पर अफरा- तफरी का माहौल सृजित हो रहा है। लोग अपने टिकट निरस्त कराने के लिए आरक्षण काउंटर की ओर भागदौड़ कर रहे हैं। सोमवार को दो अप ट्रेनें अमृतसर और हमसफर निरस्त कर दी गईं। गोरखपुर- गोंडा पैसेंजर एक सप्ताह से निरस्त चल रही है। आम्रपाली एक्सप्रेस अप अपने निर्धारित समय दिन में 1.20 बजे से आधे घंटे और वैशाली अप शाम 5.41 बजे से आधे घंटे विलंब से चल रही थी।
ज्यादातर डाउन ट्रेनें विलंब से चल रहीं
कोहरे की वजह से डाउन ट्रेनें ज्यादा विलंब से चल रही हैं। जगह- जगह रेलवे ट्रैक पर चल रहे कार्य की वजह से भी ट्रेनें लेट हो रही हैं। सोमवार को कुशीनगर एक्सप्रेस सुबह 5.45 बजे के बजाय 11 घंटे की देरी से पहुंची। वहीं, शहीद एक्सप्रेस निर्धारित समय से पांच घंटे, कामख्या एक्सप्रेस 5 घंटे और जननायक एक्सप्रेस निर्धारित समय से 9 घंटे लेट चल रही थीं।
यात्री बोले- सफर दुखदाई
कुशीनगर एक्सप्रेस से मुंबई से बस्ती तक यात्रा करने वाले राम स्वरूप और भानुप्रकाश ने बताया कि यात्रा काफी दुखदाई रही। मध्य प्रदेश से ही ट्रेन विलंब होने लगी। यूपी आकर स्थिति और खराब हो गई। परिजनों को लोकेशन देते- देते मन भर गया। 12 घंटे की देरी से अपने स्टेशन पर पहुंचे।
इन दिनों ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है। इसका कारण कोहरा और जगह- जगह रेलवे ट्रैक पर कार्य होना है। जिन ट्रेनों को निरस्त किया जा रहा उनके यात्रियों का टिकट तत्काल कैंसिल कर रुपये वापस किए जा रहे हैं।
नसीम, स्टेशन अधीक्षक।