बस्ती। जिले में एमएलसी चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।
जिले में बनाए गए मतदान केंद्रों में से पांच अतिसंवेदनशील है। इनमें परशुरामपुर, गौर, कप्तानगंज, रुधौली और बहादुरपुर शामिल हैं। परशुरामपुर में 158, गौर में 175, रुधौली में 121, कप्तानगंज में 101 और बहादुरपुर मतदान केंद्र पर 144 मतदाता हैं।
अतिसंवेदनशील इन मतदान केंद्रों पर एक प्रभारी निरीक्षक या एसओ, दो एसआई, दो एचसीपी और 20 कांस्टेबल के अलावा पीएसी के जवान लगाए गए हैं। चार मतदान केंद्र संवेदनशील के रूप में चिह्नित है। इनमें दुबौलिया, बनकटी, सल्टौआ गोपालपुर और बस्ती सदर शामिल हैं।
दुबौलिया में 100, बनकटी में 135, सल्टौआ गोपालपुर में 153 और बस्ती सदर में सबसे अधिक 213 मतदाता शामिल हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रो पर सामान्य मतदान केंद्रों जैसी ही सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। शेष बचे पांच मतदान केंद्र हर्रैया, सांऊघाट, कुदरहा, विक्रमजोत और रामनगर सामान्य मतदान केंद्र है।
रामनगर में 117, विक्रमजोत में 113, हर्रैया में 138, सांऊघाट में 122 और कुदरहा में 112 वोटर हैं। इन पर एक प्रभारी निरीक्षक या फिर एसओ के साथ दो एसआई, दो एचसीपी और 20 कांस्टेबल लगाए गए हैं।
एसपी कृपाशंकर सिंह ने बताया कि एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ काम करेगी। मतदान केंद्रों पर पुलिस व्यवस्था के साथ ही सर्किल के सीओ पुलिस दस्ते के साथ अपने क्षेत्र में मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे।