ट्रेनों के निरस्त होने से स्टेशन पर यात्रियों की राही भारी भीड़।संवाद
बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते सोमवार को आने-जाने वाली पांच एक्सप्रेस ट्रेनों को रेलवे प्रशासन की ओर से अपरिहार्य कारणों से निरस्त कर दिया गया था। ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दिनभर स्टेशन परिसर और प्लेटफाॅर्म पर यात्रियों की भीड़ लगी रही।
एक्सप्रेस ट्रेनों के निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को न होने से तमाम यात्री स्टेशन पर यात्रा के लिए पहुंच गए। जब उन्हें पता चला कि जिस ट्रेन से सफर करना है, वह ट्रेन निरस्त है तब यात्री काफी निराश हुए और अपने गंतव्य को जाने के लिए पूछताछ काउंटर सहित रेल कर्मचारियों से ट्रेन के बारे में जानकारी लेते देखे गए। तमाम यात्रियों को निराश होकर घर लौटना पड़ा और कुछ यात्री जैसे-तैसे किसी दूसरे ट्रेन से यात्रा करते देखे गए।
स्टेशन पर मौजूद बस्ती शहर के यात्री संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि बरौनी मेल एक्सप्रेस से दो माह पहले रिजर्वेशन कराया गया था। परिवार व बच्चों के साथ यात्रा करना था, लेकिन जब यात्रा करने का समय आया तो ट्रेन ही निरस्त हो गई। स्टेशन पर पहुंचने के बाद पता चला कि ट्रेन निरस्त है उन्होंने बताया कि अधिक दूरी के करण जनरल टिकट से यात्रा करना मुश्किल है, ऐसे में अब यात्रा रद्द कर घर जाना पड़ा। प्लेटफाॅर्म पर डुमरियागंज के मौजूद यात्री अब्दुल गफ्फार ने बताया कि बाघ एक्सप्रेस से यात्रा करना था, 80 किलोमीटर दूर से ट्रेन के निर्धारित समय के अनुसार स्टेशन पर पहुंच तो पता चला कि ट्रेन निरस्त है, उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यात्री दो माह पहले अपने समय के अनुसार टिकट कंफर्म करता है, लेकिन जिस दिन यात्रा करना होता है, उस दिन रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन ही निरस्त कर दी जाती है, ऐसे में यात्रियों को काफी मुश्किलों को सामना करना पड़ता है, रेलवे बोर्ड को चाहिए कि ट्रेन निरस्त होने के बाद यात्रियों के लिए कोई अलग से व्यवस्था बनाई जाए।
जिससे यात्रियों को आने-जाने में सहूलियत मिल सके। रेलवे प्रशासन की ओर से जिन एक्सप्रेस ट्रेनों को निरस्त किया गया था, उनमें बाघ एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस, लखनऊ एक्सप्रेस और बरौनी मेल एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रही।