बस्ती। जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में बनने वाले उत्सव भवनों के लिए जमीन की तलाश तेज हो गई है। पंचायतों से प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। अभी तक चार विधानसभा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव नहीं भेजे गए हैं। वहीं, हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में जमीन मिलने के बाद वहां निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। सभी परियोजना पर कुल, 7.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जनपद के सभी पांच विधानसभा ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनमें ग्रामीणों की सहूलियत के लिए 1.41 करोड़ की लागत से उत्सव भवन बनेंगे, जो आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगे। इनमें गांवों के लोग जनता सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक आयोजन बेहतर रूप से कर सकेंगे। भवन में बड़ा हॉल, विवाह रस्मों के लिए सुंदर मंडप और मेहमानों के ठहरने के लिए कमरे होंगे। हर्रैया के धुरदा गांव में ग्राम पंचायत की ओर से जमीन दी गई, इसके बाद पंचायत उत्सव भवन बनाने के लिए प्रस्ताव डीपीआरओ के पास आया। वहां से उन्होंने मंजूरी के लिए शासन को भेजा। अनुमोदन मिलने के बाद टेंडर जारी हुआ। फर्म चयनित होने के बाद यहां निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर ने बताया कि एक विधानसभा में कार्य चल रहा है। वहीं, चार विधानसभा क्षेत्र से उपजिलाधिकारियों को जमीन का चयन करना है। इसके साथ ही पंचायतों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। यदि वह निरीक्षण में मानक के अनुरूप पाई जाती है तो चयन किया जाएगा। इन जमीन को जल्द ही चिह्नित करना है। चालू वित्तीय साल में चार भवन बनेंगे। इसके लिए तैयारी है। जनपद में कुल, 1187 ग्राम पंचायतें हैं। इन गांवों में अभी तक बड़ा मैरिज हाल न होने से लोग आसपास कस्बों व शहर में शादी-विवाह के आयोजन लिए लिए हॉल बुक करवाते हैं।
-
भवन के लिए तीन हजार वर्ग मीटर जमीन आवश्यक
उत्सव भवन के लिए कम से कम तीन हजार वर्ग मीटर सरकारी जमीन होनी चाहिए। आवागमन के लिए पक्की सड़क हो, हाईवे के किनारे वाली जमीन को पहले प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा कम से कम दस हजार आबादी वाली पंचायतों के केंद्र में हो, जिससे अधिक से अधिक पंचायतों के लोगों को लाभ मिल सके।
-
समारोह व मांगलिक कार्यक्रम करा सकेंगे लोग
शहरी क्षेत्र की तरह गांव में पंचायत उत्सव भवन में स्थानीय लोग धूमधाम से शादी-विवाह का आयोजन कर सकेंगे। मैरिज हॉल जैसी सुविधा मिलेगी। कम खर्च में भवन बुक होगा। देखरेख की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को दी जाएगी। इससे ग्राम पंचायतों की आय बढ़ेगी साथ ही मांगलिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।
कोट
बीते वित्तीय साल में एक पंचायत उत्सव भवन बनाने का लक्ष्य आया था, वहां सभी प्रक्रिया पूरी कराते हुए निर्माण शुरू करवा दिया गया है। इस साल चार नये उत्सव भवन बनाने की योजना है। जमीन चिह्नांकन की प्रक्रिया चल रही है। एक परियोजना पर 1.41 करोड़ खर्च होंगे।
-घनश्याम सागर, डीपीआरओ, बस्ती।