बस्ती। शारदीय नवरात्र के पहले दिन बुधवार को कलश स्थापना की गई। पहले दिन ही दूसरी नवरात्र पड़ने के कारण प्रथम शैलपुत्री और द्वितीय ब्रह्मचारिणी की आराधना की गई। चहुंओर माता भगवती के पूजन-वंदन की मानो बयार बह रही हो। घर से लेकर मंदिर व अन्य धर्मस्थलों पर शक्ति के अराधकों की भारी भीड़ देखी गई। ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादातर पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनकी तादाद करीब डेढ़ हजार है। बुधवार को सुबह से ही युवा श्रद्धालुओं की टोली मूर्तिकारों के परिसर में पहुं्च गए थे। पूरे दिन प्रतिमाओं को पंडाल तक ले जाने का क्रम चलता रहा। रास्ते भर जयकारा लगाते हुए भक्त भगवती की प्रतिमा ले गए।
पुलिस प्रशासन के आंकड़ों में सबसे अधिक 150 देवी प्रतिमाएं वाल्टरगंज क्षेत्र में स्थापित हो रहीं हैं। परशुरामपुर थाना क्षेत्र में 135, नगर में 132, मुंडेरवा में 129, सोनहा में 111, गौर में 106, पैकोलिया में 103, कप्तानगंज में 97, हर्रैया में 92, कोतवाली में 89, पुरानी बस्ती में 84, रुधौली में 84, दुबौलिया में 84, लालगंज में 70, कलवारी में 67, छावनी में 52 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना विधिविधान से गुरुवार को की जाएगी। जबकि बस्ती शहर में सप्तमी को होगा। शहर में प्रतिमाओं का विसर्जन पूर्णिमा को होने के कारण प्रतिमाएं देर से बैठाई जाती हैं।
जिम्मेदारों में सक्रियता
दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। थानों और पुलिस चौकियों पर पीस कमेटी की बैठकें कर ली गई हैं। प्रतिमा स्थलों पर संबंधित थानों से पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, नगर पालिका परिषद/ग्राम अथवा नगर पंचायत, विद्युत आपूर्ति, खाद्य आपूर्ति आदि विभाग की सक्रियता साफ बता रही है कि माता के प्रति उनके भक्तों की कितनी आस्था है।