भारत के टी-20 विश्वकप जीतने पर खुशी मनाते क्रिकेट प्रेमी।
क्रिकेट : टी-20 में मिली जीत पर खेल प्रेमियों ने निकाला बाइक जुलूस
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 में विश्व विजेता बनने पर खेल प्रेमियों ने जश्न मनाया। ढोल पर जमकर डांस किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। शहर में बाइक जुलूस निकाले गए। जगह-जगह पटाखे फोड़कर क्रिकेट प्रेमियों ने जश्न मनाया। पटाखे ऐसे फूट रहे थे जैसे दीवाली आ गई हो।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए गांधीनगर सहित शहर में जगह-जगह बड़ी टीवी स्क्रीन पर मैच का सीधा प्रसारण चलवाया गया। अरबन बैंक परिसर में भी ऐसा स्क्रीन लगाया गया था। यहां मैच देखने के लिए लोगों की भीड़ थी। आखिरी गेंद तक मैच में रोमांच बना रहा। खेल प्रेमी बताते हैं कि टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने विराट कोहली की 76 रनों की पारी के दम पर 20 ओवर में 176 रन बनाए। 177 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम पर भारतीय गेंदबाजों ने कभी भी खुलकर नहीं खेलते दिया।
भारतीय टीम की जीत के बाद आलोक पांडेय, शौर्य प्रताप सिंह, अवनीश पांडेय, सूर्या उपाध्याय,अतुल भट्ट,शिवम पांडेय,प्रियाशु तिवारी, जयंत गुप्ता,अंकित श्रीवास्तव आदि ने फोरलेन टोल प्लाजा के पास आतिशबाजी की। आलोक बताते हैं कि भारत ने साल 2007 का टी 20 विश्व कप अपने नाम किया था। लेकिन उसके बाद से टीम इंडिया कभी भी टी 20 विश्व कप नहीं जीत पाई। भारत साल 2014 में फाइनल में जरूर पहुंची थी, लेकिन उसे वहां हार मिली थी। भारत ने इसके साथ ही बीते एक दशक से लगे चोकर्स के टैग को हटा दिया है। क्योंकि यह साल 2013 टी-20 विश्वकप के बाद भारत का पहला आईसीसी खिताब है।