खीरी घाट नई कॉलोनी में टीन शेड के घर में कारोबारी ने बना रखा था गोदाम
मंगलवार की रात शॉर्ट सर्किट से गोदाम में लगी आग, फायर ब्रिगेड की टीम ने बुझाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के खीरी घाट नई कॉलोनी में टीन शेड के एक गोदाम में मंगलवार की रात अचानक आग लग गई। गोदाम में रखे इलेक्टि्रक सामान धूं-धूं कर जलने लगे। जब तक लोग कुछ समझ पाते गोदाम के अंदर आग ने भयावह रूप ले लिया। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद छोटे दमकल वाहनों से आग पर नियंत्रण पाया जा सका। लेकिन, गोदाम में रखे सभी इलेक्टि्रकल सामान जलकर खाक हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के मालवीय मार्ग पर इलेक्टि्रक सामानों के थोक कारोबारी रणजीत पाल के अनुसार, उनकी माता आशा देवी के नाम से सूर्या एलईडी बल्ब समेत विभिन्न इलेक्टि्रक सामानों की एजेंसी है। वह अपना गोदाम खीरी घाट नई कॉलोनी स्थित आवास से चंद कदम दूरी पर एक टीन शेड में बना रखा है। मंगलवार की रात वह गोदाम बंद कर परिवार के साथ घर के अंदर सो रहे थे। रात 11 से 12 बजे के बीच गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं।
इसकी सूचना अगल-बगल के लोगों ने उन्हें फोन से दी। बाहर निकलकर देखे तो गोदाम आग के हवाले था। इलेक्टि्रक सामान डंप होने के कारण आग की लपटें तेज होती गईं। आनन-फानन डायल 101 पर फोन किया गया। कुछ देर के बाद अग्निशमन वाहन के साथ टीम पहुंची। रास्ता संकरा होने की वजह से अग्निशमन का बड़ा वाहन मौके तक नहीं पहुंच सका। पाइप के जरिये पानी की बौछार की जा रही थी। बात नहीं बनी तो छोटे दमकल वाहन बुलाए गए।
करीब दो घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान गोदाम में रखे सभी इलेक्टि्रक सामान जलकर खाक हो गए। उसमें रखे एलईडी बल्ब, तार, स्विच बोर्ड एवं अन्य उपकरणों में एक भी सामान उपयोग लायक नहीं बचा। पीड़ित की तरफ बुधवार को कोतवाली में प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आग लगने के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आसपास के लोग आग फैलने के डर से घरों से निकलकर बाहर आ गए। सबकुछ शांत होने के बाद ही लोग घरों में वापस लौटे। गोदाम में रखा अग्निशमन सिलिंडर भी जल गया। आग लगने के पीछे शाॅर्ट सर्किट बताया जा रहा है।