फोरलेन हाईवे पर छावनी थाने के विक्रमजोत फूलपुर के निकट बिहार से दिल्ली जा रही एक कार में अचानक आग लग गई। कार से धुआं निकलते देख चालक सहित उसमें सवार दो महिलाओं समेत छह लोग बाहर निकल गए। जिसके बाद कार धू-धूकर जलने लगी। पुलिस की मदद से किसी तरह आग बुझाई गई मगर तब तक कार जल चुकी थी। इस दौरान उस लेन में यातायात प्रभावित रहा।
इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने बताया कि हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। फरीदाबाद के कृष्णानगर कालोनी में रहने वाले तौहीद अहमद मूल रूप से बिहार प्रांत के अररिया जनपद के निवासी हैं।
बृहस्पतिवार को वह परिवार के साथ बिहार स्थित गांव से फरीदाबाद जाने के लिए निकले थे। देर शाम करीब साढ़े छह बजे छावनी थानांतर्गत विक्रमजोत के न्यू पराग रेस्टोरेंट के पास शॉर्ट सर्किट से कार में आग लग गई। कार में उनके साथ सवार उनकी पत्नी निगार, पुत्र मोहम्मद चांद, तारा, बादल और बेटी रेशम डरकर चिल्लाने लगे। तौहीद अहमद ने कार रोककर उन्हें सुरक्षित बाहर निकला।
थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने बताया कि कार सवार लोगों को बस से उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की।