- सोनहा थाना क्षेत्र के बैदौली पिरैला गरीब में आग की लपटों से घिर गया किसान, बुरी तरह झुलसा
- तेज पछुआ हवा के कारण कई गांवों में फैली आग, धू- धू कर जलती रही फसल, पशुओं की भी हानि
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगी आग में एक वृद्ध किसान व आठ बकरियों की झुलसकर मौत हो गई। 14 गांव के करीब 20 किसानों की 140 बीघे गेहूं और करीब चार बीघे गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। कच्चे-पक्के मिलाकर 20 घर भी आग की चपेट आकर जल गए।
सोनहा थाना क्षेत्र के बैदौली पिरैला गरीब गांव में बृहसपतिवार को सुबह करीब 11:15 बजे अचानक आबादी के बीच एक घर में आग लगी। गांव के लोग बकरी, मवेशी आदि लेकर जान बचाकर घरों से भागने लगे। इस दौरान गांव के 65 वर्षीय बुधिराम शर्मा घर के बगल स्थित बगीचे में घुस गए। जहां चौतरफा आग से घिरने की वजह से बुधिराम की झुलसकर मौत हो गई।
उधर, कलवारी क्षेत्र के राजपुर बैरिहवांं गांव के सिवान में 80 बीघा गेहूं की फसल और रिहायशी घर जल गए। वाल्टरगंजक्षेत्र के जिनवा गांव के सिवान में गेहूं के डंठल, छावनी क्षेत्र के सोनबरसा ग्राम पंचायत के बबुरहवा गांव में छह बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। कलवारी क्षेत्र के बैलाछ सिवान में आठ बीघे गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
रुधौली तहसील क्षेत्र के बांसखोर कला में दो रिहायशी घर समेत सैकड़ों बीघा गेहूं के डंठल जलकर राख हो गए। दुबौलिया क्षेत्र के माझा अखनपुर गांव में रिहायशी झोपड़ी जल गई। इसी क्षेत्र के भदना व पिपरौला गांव के सिवान में गन्ना जल गया। लालगंज क्षेत्र के हटवा में छप्पर का घर जलकर खाक हो गए। कलवारी के राजपुर बैरिहवां, मंथरपुर ,रामपुर ,देवरिया तथा मदनपुर गांव के सिवाऩ में करीब 10 किसानों का 40 बीघा गेहूं की फसल जल गई।
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के बैदौली गांव में शाम चार बजे अचानक आग लग गई। इस घटना में एक वृद्ध किसान समेत आठ बकरियों की झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। राजस्व एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचकर मुआयना में जुटे रहे।
बैदौली पिरैला गरीब गांव में अचानक आबादी के बीच एक घर में आग लगी। तेज पछुआ हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गांव के लोग बकरी, मवेशी आदि लेकर जान बचाकर घरों से भागने लगे। इस दौरान गांव के बुधिराम शर्मा 65 घर के बगल स्थित बगीचे में घुस गए। तब तक आग की लपटें वहां पहुंच गई। बगीचा चौतरफा आग से घिर गया। जिससे बुधिराम निकल नहीं पाए। आग की लपटों में वह बुरी तरह झुलस गए। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्रामणों ने जब किसी तरह आग पर काबू पाया तो बगीचे में बुधिराम मृत अवस्था में मिले। इससे गांव में कोहराम मचा रहा। इस घटना में लोगों की आठ बकरियां भी झुलसकर मर गई। सूचना के बाद नायब तहसीलदार भानपुर एवं थानाध्यक्ष सोनहा ने मौके पर पहुंचकर घटना का मुआयना किया। वहीं वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के जिनवा गांव के सीवान में दोपहर में आग लग गई। यहां आग की लपटे राम चंद्र और बीपत के खेत में पहुंच गई। जिससे गेहूं के डंठल जलकर राख हो गए।
छावनी थाना क्षेत्र के सोनबरसा ग्राम पंचायत के बबुरहवा गांव में बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें विनोद पाठक का तीन 3 बीघा गेहूं, परमात्मा पांडेय का 3 बीघा और मदनलाल का एक बीघा गेहूं जलकर स्वाहा हो गया। गा्रमीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया । कलवारी थाना क्षेत्र के बैलाछ गांव के सिवान में दोपहर आग लग गई। गुलहरिया निवासी कांग्रेस सिंह, राघवेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह व जगरनाथ सिंह की लगभग आठ बीघे गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीण और फयार ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल गुड़िया देवी ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आंकलन किया। रुधौली तहसील क्षेत्र के बांसखोर कला स्थित सीवान में गेहूं के डंठल में आग लगी। कुछ ही देर बाद आग ने भयावह रूप धारण कर किया। गांव के दो रिहायशी घर समेत सैकड़ों बीघा गेहूं के डंठल जलकर राख हो गए। राम प्रसाद और शिवप्रसाद के टीन शेड के घर में आग लगने से उसमें रखा अनाज, पंपिंग सेट, बिस्तर, चारा मशीन समेत अन्य वस्तुएं जलकर खाक हो गई। दुबौलिया थाना क्षेत्र के माझा अखनपुर गांव में बृहस्पतिवार दिन में एक बजे आग लगी। इसमें अमरीका का रिहायशी झोपडी जल गया। इसमें रखे सामान भी राख हो गए। प्रधान प्रतिनिधि सूर्य प्रताप चौहान व हल्का लेखपाल अशोक कुमार पटेल ने क्षति का आंकलन किया। थाना क्षेत्र के भदना व पिपरौला गांव के सिवान में भी आग लग गई।