छावनी क्षेत्र के बाघानाला गांव में बुधवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। छावनी क्षेत्र के बाघानाला गांव में बुधवार रात आर्केस्ट्रा के दौरान फरमाइशी गाना गाने को लेकर जमकर विवाद हुआ। अवैध असलहे लहराए गए और वाद्य यंत्रों को तोड़ दिया गया। पुलिस ने एक क्षतिग्रस्त बाइक बरामद की, जिसकी डिकी में तमंचा रखा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, रोहित निषाद के यहां आयोजित छठ संस्कार पर डीजे व आर्केस्ट्रा चल रहा था। प्राथमिक विद्यालय के पास बने मंच पर दो लड़कियां डांस कर रही थीं। निमंत्रण में पहुंचे छतौना गांव के युवक नर्तकियों से फरमाइशी गीत गाने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान दर्शक दीर्घा में दो गुटों में मारपीट शुरू हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कुर्सी, लाठी-डंडे चलने के साथ साथ दोनों पक्षों की तरफ से अवैध असलहे लहराए जाने लगे। युवकों ने डीजे सहित वाद्य यंत्रो को तोड़ डाला।
मामला बढ़ा तो एक गुट दूसरे गुटों की बाइक तोड़ने लगे। इससे भगदड़ मच गई। बीच-बचाव में जुटे लोग भी चोटिल हो गए। सूचना मिलते ही हमराहियों के साथ चौकी प्रभारी विक्रमजोत रितेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख मारपीट कर रहे युवक अंधेरे का फायदा उठा कर माझा क्षेत्र की तरफ भाग निकले। लोगों की मानें तो दोनों पक्षों से अवैध असलहे लहराए गए। पुलिस टीम ने रात में हुई तोड़फोड़ में क्षतिग्रस्त एक बाइक और उसकी डिकी में रखा एक अवैध तमंचा बरामद किया। क्षेत्राधिकारी अशोक मिश्रा ने प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी के साथ घटनास्थल का मुआयना किया।
अर्जुन निषाद ने तहरीर देकर बताया कि बाघानाला गांव में रिश्तेदार के यहां साथियों के साथ छठ भोज में निमंत्रण करने गया था। वहां आर्केस्ट्रा में पहुंचे आधा दर्जन दबंग युवकों ने तमंचे की बट से मार कर उसे घायल कर दिया। वहीं बाघानाला गांव के दो लोगों ने थाने में शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि मारपीट के मामले में किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जायेगी।
...
तटबंध पर बाइक सवार युवक तमंचे के साथ गिरफ्तार
चौकी इंचार्ज रितेश कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह एलवी तटबंध पर एक संदिग्ध बाइक सवार युवक को पकड़ कर तलाशी ली गई। उसकी कमर में 315 बोर तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में युवक की पहचान धर्मेंद्र यादव निवासी बाघानाला के रूप में हुई।