महराजगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत महाखरपुर गांव में शनिवार दोपहर करीब 3:10 बजे अचानक लगी आग में रिहायशी छप्पर का मकान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से घर में रखा धान, गेहूं, घरेलू सामान और गहने भी जल गए। पीड़ित परिवार ने करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान बताया है।
गांव निवासी ऋखीराम वर्मा के रियासती छप्पर के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों ने आसपास के ऊंचे पेड़ों को भी अपनी चपेट में ले लिया और एक ऊंचा पेड़ भी धू-धू कर जलने लगा। आग लगने की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तेज हवा और बढ़ती लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड हर्रैया की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। संवाद