सल्टौआ क्षेत्र के मनवा गांव में आग लगने से घर का समान जलकर राख।
सल्टौआ। वाल्टरगंज थानांतर्गत मनवा गांव में मंगलवार की देर करीब डेढ़ बजे रात एक मकान के अगले हिस्से में बने छप्पर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। छप्पर में बंधी भैंस को बचाने के प्रयास में मां-बेटा झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौआ ले जाया गया। चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आग में झुलसने से भैंस की मौत हो गई, जबकि गृहस्थी का सामान, अनाज आदि जलकर राख हो गया।
मनवा निवासी जगतराम गांव के पश्चिम तरफ सिवान में घर बनाकर रहते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर रात उनके घर के अगले हिस्से में बने छप्पर में अचानक आग लग गई। घर में सो रहे परिवार के सदस्यों को इसका आभास हुआ तो दौड़ कर बाहर आए। छप्पर में उनकी भैंस खूंटे से बंधी हुई थी। उसे बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी कांती देवी (40) और बेटा धीरज (15) झुलस गए। आग पर जब तक काबू कर पाया जाता, खूंटे में बंधी भैंस की जलने से मौत हो गई। घर में रखा गृहस्थी का सामान सहित अनाज, कपड़े जलकर नष्ट हो गए। हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन किया।