फर्नीचर की दुकान में लगी आग बुझाते लोग व फायर ब्रिगेड के जवान- संवाद
बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र के भदावल खुर्द में फर्नीचर की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ देर बाद वहां रखा रसोई गैस सिलिंडर फट गया। इससे अफरातफरी मच गई। कारीगर व मजदूर किसी तरह जान बचाकर भागे। धमाके से आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। हाईवे पर थोड़ी देर तक यातायात प्रभावित रहा। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
परशुरामपुर थाना क्षेत्र रिधौरा गांव निवासी अल्ताफ सिद्दीकी की भदावल चौराहे पर किराए के मकान में फर्नीचर की दुकान है। रविवार दोपहर दो बजे दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फर्नीचर धू-धू जलने लगा। दुकान के अंदर रखा गैस सिलिंडर के धमाके से पूरा इलाका दहल उठा।
आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। आग से लाखों रुपये का फर्नीचर राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के राकेश राय, फायरमैन चंद्रमौलि वर्मा, दीपक यादव, राहुल कुमार यादव, जमुना शिव श्याम यादव, वीरेंद्र कुमार ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
फर्नीचर की दुकान में लगी आग बुझाते लोग व फायर ब्रिगेड के जवान- संवाद