ट्रैक की हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग से मालगाड़ी में लगी आग
गोरखपुर-गोंडा रेल खंड पर मुंडेरवा नगर पंचायत कार्यालय के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती/मुंडेरवा। मुंडेरवा रेलवे स्टेशन से पश्चिम करीब 500 मीटर आगे गोरखपुर से गोंडा (अप) ट्रैक से जा रही मालगाड़ी पर रविवार की सुबह करीब 5:30 बजे एक पेड़ टूटकर गिर गया। पेड़ टूटने से ट्रैक की हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग हुई और मालगाड़ी में आग लग गई। इंजन का पेंटोग्राफ (हाईटेंशन तार से इंजन को बिजली देने वाला उपकरण) भी टूट गया। इस दौरान करीब 2:10 बजे तक ट्रैक बाधित रहा। तमाम ट्रेनों को आउटर पर खड़ी करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, गोंडा से गोरखपुर ट्रैक से होकर सुबह करीब 5:26 बजे मालगाड़ी जा रही थी। अचानक रेलवे स्टेशन से पश्चिम मुंडेरवा नगर पंचायत कार्यालय के पास एक पेड़ टूटकर मालगाड़ी पर गिर गया। पेड़ ट्रैक की बिजली लाइन से होकर मालगाड़ी पर गिरा। इससे तारों में हुई स्पार्किंग के कारण मालगाड़ी के एक डिब्बे में आग लग गई।
आग से मालगाड़ी के डिब्बे के ऊपर का पेंट जल गया, अन्य कोई नुकसान नहीं हुआ है। थोड़ी देर बाद रेलवे की बचाव टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटाने के साथ मालगाड़ी की जांच की। टीम के जेई टीआरडी ऋषि देव व अमर जीत, टेक्नीशियन आदर्श कुमार व परमात्मा प्रसाद आदि ने मालगाड़ी की जांच की। पता चला कि इंजन का पेंटोग्राफ टूट गया है। इसे ठीक करने के बाद ट्रैक की जांच-पड़ताल की गई। इसके बाद सुबह 7:36 बजे ट्रैक से ट्रेनों का संचालन बहाल किया गया।
...
2:54 घंटे देर से पहुंची बरौनी ग्वालियर
स्टेशन मास्टर सोनू कुमार ने बताया कि ट्रैक पर हादसा होने के बाद ग्वालियर बरौनी, बरौनी, इंटरसिटी व वंदे भारत सहित अन्य ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा। गोरखपुर आने वाली ग्वालियर-बरौनी को मुंडेरवा स्टेशन के आउटर पर खड़ी करनी पड़ी। यह ट्रेन बस्ती रेलवे स्टेशन पर अपने निर्धारित समय 5ङ50 मिनट से 2:54 घंटे विलंब और प्रयागराज वंदे भारत निर्धारित समय 6़़:52 से 1:11 घंटे देरी से पहुंची। अन्य ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।