महराजगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र अंतर्गत पिनेश्वर गांव के सीवान में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर बांस की कोठ समेत कई पेड़ जलकर राख हो गए। आग लगने की जानकारी होते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग आसपास के पेड़ों तक पहुंच गई और ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड हर्रैया की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों के अनुसार समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के खेत और अन्य संपत्तियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।