तिवारीपुर बाजार में कॉस्मेटिक की दुकान में लगी आग।
महराजगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर तिवारी बाजार में स्थित एक कॉस्मेटिक की दुकान में बीती रात लगभग 12 बजे के बाद आग लग गई। इससे दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित दुकानदार अरुण तिवारी ने थाने में तहरीर देकर तीन लोगों पर डीजल डालकर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर निवारी अरुण तिवारी ने तहरीर देकर बताया कि वह जीवन यापन के लिए बाजार में स्थित अपने घर में ही कॉस्मेटिक और सिलाई सेंटर की दुकान चलाते हैं। उनके दुकान के बगल ब्रह्मदीन की दुकान है, जबकि पीछे भी उनके पड़ोसियों की दुकानें हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग लंबे समय से दुकान को लेकर विवाद करते आ रहे हैं। पिछले दिनों दुकान की नींव में मिट्टी भरने को लेकर विवाद हुआ था। तब विरोधियों ने गाली देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद बीती रात दुकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।
उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी दुकान में विरोधियों से साजिश करके आग लगाई है। थानाध्यक्ष हर्रैया तहसीलदार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तरफ से तहरीर दी गई है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।