पैकोलिया। थाना क्षेत्र के तेनुआ बाजार में शॉर्ट सर्किट से मोटर पार्ट्स व दवा की दुकान में आग लग गई। दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। मौके पर आई फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
गौर थानाक्षेत्र के सिंगही निवासी विकास सिंह का तेनुआ बाजार में मोटर पार्ट्स की दुकान है। रोज की भांति वह शाम को दुकान बंद कर घर चले गए। मकान मालिक ने रात में दो बजे दुकान में आग लगने की जानकारी दी। वह मौके पर गए और शटर खोलकर देखा तो अंदर रखा सामान जल रहा था। लपटें बगल के मेडिकल स्टोर तक पहुंच गई थीं।
मेडिकल स्टोर संचालक करनपुर निवासी मोहम्मद हनीफ भी मौके पर पहुंचे। उनकी दुकान में रखे सामान को भी आग ने अपने आगोश में ले लिया था। अंदर रखी दवा व अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। फायर ब्रिगेड व डायल 112 को सूचना दी गई। पीड़ितों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। कई लाख का सामान जल गया है।