बस्ती। साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराकर ठगी की रकम के लेनदेन में मदद करने वाले आरोपी के खिलाफ साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी के खाते में करीब छह करोड़ रुपये से अधिक की रकम आने की बात सामने आई है। पूछताछ में उसने अब तक पांच लाख रुपये कमीशन के तौर पर लेने की बात स्वीकार की है।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय नारायण मिश्रा के अनुसार, संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के भटपुरवा निवासी कन्हैया के बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़ी करीब छह करोड़ रुपये से अधिक की रकम आने की जानकारी मिली थी। आरोपी को बृहस्पतिवार को पूछताछ के लिए साइबर थाने बुलाया गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कमीशन के लालच में उसने साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। इन खातों में देश के अलग-अलग हिस्सों से साइबर अपराध के जरिये ठगी गई रकम भेजी जाती थी।
आरोपी के बैंक खाते के संबंध में अलग-अलग राज्यों से कुल 16 शिकायतें भी दर्ज मिली हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत विवेचना निरीक्षक भगवान सिंह को सौंपी है। पूछताछ के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किन-किन साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराए और ठगी की रकम के इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस टीम बैंक खातों के लेनदेन और संबंधित शिकायतों की भी जांच कर रही है।