बस्ती। रुधौली पुलिस ने एक युवक की पिटाई के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। थाना क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ले की रहने वाली महिला ने तहरीर देकर बताया है कि उनकी बेटी मोहल्ले में स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ने जाती है। एक दिन उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि लाइब्रेरी जाने पर एक लड़का उसे परेशान करता है। उसकी कुछ फुटेज को लेकर वह धमकी देकर बात करता है। इंस्टाग्राम पर मैसेज करने के साथ ही रील भी भेजता है। इसकी जानकारी पर शनिवार को बेटा लाइब्रेरी पर आरोपी सौरव से बात करने के लिए गया था। उस वक्त सौरव के साथ प्रियम मिला और बोला कि रुको अभी सौरव आ रहा है। लेकिन इसके बाद वह सौरव को न बुलाकर वह अपने दोस्त मृत्युंजय समेत दो अन्य लोगों को बुला लिया। इन चारों ने मिलकर बेटे को डंडे आदि से मारापीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। इसकी जानकारी जब बेटे ने दी तो वह आरोपी प्रियम के घर पर गईं। आरोप है कि यहां भी अपशब्द कहते हुए उन्हें मारापीटा गया और बेटे का मोबाइल भी तोड़ दिया। थाना प्रभारी रुधौली संजय दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सौरव, मृत्युंजय सिंह, प्रियम पांडेय पता अज्ञात और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।