संवाद न्यूज एजेंसी विक्रमजोत (बस्ती)। छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के पास बिरयानी होटल पर झंडा विवाद मामले में पुलिस ने बुधवार को होटल संचालक सहित सौ आरोपियों के खिलाफ तोड़फोड़, बलवा, मारपीट सहित अन्य विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने होटल संचालक रफीक और जमीन मालिक शैलेश यादव को गिरफ्तार कर कई अन्य को भी हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि मंगलवार रात अयोध्या से आते समय राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं गोविंद दास और प्रभू दयाल वर्मा की निगाह राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित न्यू जायका बिरयानी होटल के बोर्ड पर बने धार्मिक झंडे पर पड़ी। उन्होंने होटल संचालक से झंडा हटाने को कहा मगर उन्होंने इन्कार कर दिया।
इस पर दोनों पक्षों में तकरार हो गई। हल्ला-गुल्ला सुनकर कुछ स्थानीय लोग भी मौके पर आए और बीच-बचाव करने का प्रयास किया लेकिन थोड़े ही समय में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
इसमें होटल में रखा सामान टूट गया। इस झड़प में गोविंद दास और प्रभू दयाल वर्मा घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत में भर्ती कराया गया।
देर रात एसपी अभिनंदन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि आपत्तिजनक झंडे को हटाने को लेकर विवाद हुआ तो होटल संचालक ने अपने कुछ लोगों को बुला लिया था। इसके बाद मारपीट हुई। शैलेश यादव और रफीक ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी की तहरीर पर सभी आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की गई है।