महराजगंज। बस्ती-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर हर्रैया बाजार के मुरादीपुर चौराहा के पास मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे सड़क पार कर रही एक छात्रा को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार महेवा कुंवर निवासी अंकिता 15 वर्ष कोचिंग से घर लौट रही थी। मुरादीपुर चौराहा पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और एनएचआई कर्मचारियों के सहयोग से तत्काल घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।