बभनान, बस्ती। गौर थानाक्षेत्र के हलुआ बाजार में उधारी सामान न देने पर एक महिला दुकानदार की पिटाई का मामला प्रकाश में आया है। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध मारपीट, अपशब्द कहने व जान से मारने की धमकी देने की धारा में केस पंजीकृत कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
गौर थाना क्षेत्र के बेलवरिया जंगल गांव निवासी प्रमिला देवी पत्नी स्वर्गीय बच्चू लाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उसकी दुकान हलुआ बाजार में स्थित है। उसी के गांव के सालिकराम उससे उधारी सामान मांगने लगा। जब उसने सामान देने से मना कर दिया तो वह अपनी पत्नी मीना, पुत्री गुड़िया व पंकज के साथ पहुंचा और सब लोग अपशब्द कहने लगे। जब उसने मना किया तो वे लाठी डंडे से जमकर पिटाई करने लगे। बीच-बचाव करने जब उसकी पुत्री रंजन आई तो आरोपित उसको भी मारने पीटने लगे। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि सालिकराम इसके पहले भी उसके पति से दस हजार रुपए उधार लिए थे। बार-बार मांगने के बाद भी वापस नहीं किया। प्रभारी निरीक्षक गौर भाग्यवती पांडेय ने बताया कि केस पंजीकृत कर मामले की छानबीन की जा रही है।