जिला अस्पताल में डॉक्टर से परामर्श के लिए इंतजार करते मरीज
बस्ती। इन दिनों बच्चे तेजी से सर्दी-खांसी और वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। डायरिया के भी मामले बढ़ हैं। जिला अस्पताल की बाल रोग ओपीडी में मरीजों की संख्या में बढ़ गई है। डॉक्टर को कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण बच्चे सर्दी, खांसी और जुकाम की चपेट मेें आ रहे हैं। दवाएं देने के साथ ही ठंड से बचाव की सलाह दी जा रही है।
जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीएस पटेल का कहना है कि मौसम में बदलाव हो रहा है। बच्चे अक्सर धूल मिट्टी, पानी से खेलते रहते हैं। सर्दी लगने से जल्दी बीमार हो जाते हैं। परिजनों को चाहिए कि बच्चों को मौसम के हिसाब से कपड़े पहनाएं। उनके खानपान का ध्यान रखे। सर्दी-खांसी, जुकाम या डायरिया की शिकायत होने पर शीघ्र नजदीकी अस्पताल में उपचार कराएं।
डॉ. पीएस पटेल ने बताया कि डायरिया के भी मरीज आ रहे हैं। छोटे बच्चों में यह समस्या है। अभी अस्पताल के बाल रोगी वार्ड में सात बच्चों का उपचार चल रहा है। फिजीशियन डॉ. रामजी सोनी ने बताया कि गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है जबकि अन्य सामान्य लक्षण वालों को दवाई देकर सावधानी बरतने की सलाह देकर घर भेजा जा रहा है। शनिवार को 964 मरीज आए। इसमें मेडिसिन विभाग, बाल रोग और त्वचा रोग विभाग में सर्वाधिक मरीज देखे गए। डॉक्टरों के अनुसार वायरल पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती किया है। मौसम में बदलाव आने से अब सर्दी का आभास होने लगा है। चिकित्सक सभी को मौसम के अनुसार कपड़े और पूरे बाजू वाले कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं।
-
डॉक्टर अवकाश पर, नहीं हुई अल्ट्रासाउंड जांच
जिला अस्पताल में डॉक्टर के अवकाश पर होने से शनिवार को अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हुई। मरीजों को बाहर जाकर अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ा। इससे उनके जेब पर असर पड़ा। वहीं ब्लड जांच केंद्र पर भी लंबी कतार लगी रही। करीब ढाई सौ मरीजों की जांच हुई। इसमें सीबीसी की संख्या अधिक रही।
-
मौसम के अनुसार अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवाएं उपलब्ध है। सभी डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों के इलाज में कोई किसी प्रकार की कमी नहीं आनी चाहिए। -डॉ. खालिद रिजवान अहमद, एसआईसी, जिला अस्पताल, बस्ती।