बिना सीजन पीओएस मशीन से डीएपी का स्टॉक खारिज करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रबी सीजन में डीएपी की कालाबाजारी के लिए व्यवसायी अभी से सक्रिय हो गए हैं। बिना सीजन ही पीओएस मशीन से डीएपी का स्टाॅक खारिज कर रहे हैं। उर्वरक बिक्री पोर्टल पर इसकी पुष्टि होने पर जिला कृषि अधिकारी (डीएओ) ने मामले की जांच की। जांच में पता चला कि चार लाइसेंसधारी व्यवसायी किसानों को डीएपी वितरण किए बिना ही स्टाॅक खारिज कर रहे हैं। कृत्रिम रूप से पीओएस मशीन से स्टाॅक खारिज करने के आरोप में जिला कृषि अधिकारी ने चार विक्रेताओं का लाइसेंस निलंबित कर नोटिस जारी किया है।
जिला कृषि अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने कहा कि तीन दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर सभी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप एग्री जंक्शन सिविल लाइंस बस्ती, मेसर्स राम करन वंशीनगर हर्रैया, मेसर्स चौधरी खाद भंडार मुजेहना चौराहा सांऊघाट, एग्री जंक्शन जिनवा सल्टौआ के विक्रेताओं ने बिना सीजन डीएपी उर्वरक पीओएस मशीन से खाजिर किया है। चारों विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया गया है।